Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

गोलढाब चुआर दियारा में विकास की नई पहल: सोलर रोशनी, स्वास्थ्य, पेयजल व बाढ़ सुरक्षा होगी प्राथमिकता — विधायक एमटी राजा।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे पहली बार नाव से पहुंचे सुदूर चुआर दियारा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; विकास योजनाओं को जल्द मिलेगा धरातल।

साहिबगंज जिले के सुदूरवर्ती उधवा प्रखंड अंतर्गत दक्षिण पलाशगाछी पंचायत के गोलढाब चुआर दियारा में रविवार को विकास की नई उम्मीद जगी, जब राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, साहिबगंज के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे तथा अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो नाव के माध्यम से गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

दूरस्थ दियारा क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित बुनियादी सुविधाओं एवं विकास कार्यों को लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखीं।

ग्रामीणों एवं पंचायत की मुखिया नफिसा खातून ने बाढ़ राहत चबूतरे के निर्माण, संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, बाढ़ के दौरान मवेशियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, गांव में संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने, पेयजल व्यवस्था में सुधार, सोलर आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने तथा सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

इस अवसर पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि गोलढाब चुआर दियारा के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा, ताकि गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव यहीं संभव हो सके। साथ ही पूरे क्षेत्र में सोलर युक्त रोशनी की व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने तथा बाढ़ राहत एवं बचाव की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित की जाएगी।

विधायक ने कहा कि पंचायत एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी क्षेत्र की सभी समस्याओं का सर्वे कर सूची तैयार करें, ताकि उन्हें जिला प्रशासन के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।

उन्होंने उपायुक्त दीपक कुमार दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार साहिबगंज के उपायुक्त स्वयं नाव से इस सुदूर चुआर दियारा क्षेत्र में पहुंचे हैं। इससे स्पष्ट है कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है और निश्चित रूप से विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं का स्वयं स्थल पर जाकर निरीक्षण किया है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही विकास योजनाएं तैयार कर संबंधित विभागों के माध्यम से कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सोलर प्रकाश व्यवस्था एवं बाढ़ सुरक्षा जैसे सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। अधिकारियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में जो विश्वास और उत्साह पैदा हुआ है, उसे कायम रखते हुए समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।

ग्रामीणों ने विधायक एवं जिला प्रशासन के इस दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से उपेक्षित गोलढाब चुआर दियारा अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!