सुदूर टापूनुमा दियारा से शुरू हुआ साहिबगंज का जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान, विधायक एमटी राजा व उपायुक्त ने बच्चों को पिलाई जीवन की दो बूंद।
गोलढाब असराउल टोला से मिला स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश, हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने का लिया गया संकल्प।

साहिबगंज। जिले के सुदूरवर्ती टापूनुमा दियारा क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में रविवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई। उधवा प्रखंड की दक्षिण पलाशगाछी पंचायत अंतर्गत गोलढाब असराउल टोला से जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा एवं साहिबगंज के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत करते हुए अभिभावकों से जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान तथा अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वैक्सीन कैरियर का फीता काटकर किया। इसके साथ ही जिले में पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य को सुरक्षित रखने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता और सामूहिक भागीदारी से ही पोलियो मुक्त समाज का सपना पूरी तरह साकार किया जा सकता है।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत जिले के सबसे सुदूरवर्ती एवं टापूनुमा दियारा क्षेत्र गोलढाब असराउल टोला से की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रह जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता केवल पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाना ही नहीं, बल्कि दियारा एवं अन्य दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार ऐसे इलाकों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है, ताकि ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी मुख्य अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने संकल्प लिया कि क्षेत्र के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दो बूंद दवा पहुंचाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम, बीपीएम अमित कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

“जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा से वंचित न रहे। सभी अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं।”



