राजमहल पुलिस ने मंदिरों से घंटी चोरी करने वाले गिरोह का किया खुलासा, दो गिरफ्तार।
कबाड़ी दुकान से चोरी की पीतल की घंटी बरामद, तीनपहाड़, बोरियो और राजमहल के कई मंदिरों में चोरी करने की बात आई सामने।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल थाना क्षेत्र के खुटहरी स्थित बजरंगबली एवं शिव मंदिर से घंटी चोरी के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लक्खीपुर स्थित एक कबाड़ी दुकान से चोरी की गई पीतल की घंटी भी बरामद की है।
राजमहल पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को खुटहरी के दोनों मंदिरों से घंटी चोरी होने के मामले में भुवनेश्वर मंडल के आवेदन पर राजमहल थाना कांड संख्या 374/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 303(2)/305(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के उद्भेदन और चोरी गई घंटी की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को बालू प्लॉट से करण शर्मा 19 वर्ष, पिता भानु प्रसाद शर्मा, को पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, करण ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

उसके बयान के आधार पर पुलिस ने लक्खीपुर स्थित साहेब शेख 32 वर्ष, पिता स्वर्गीय अमीर शेख, की कबाड़ी दुकान से करीब 2.5 किलोग्राम वजन की एक पीतल की घंटी बरामद की। इसके बाद साहेब शेख को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में करण शर्मा ने तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा चौक स्थित शिव मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर, दरला गांव के हनुमान मंदिर, बोरियो बाजार के हनुमान मंदिर तथा राजमहल थाना क्षेत्र के कसवा स्थित सीताराम मंदिर, खुटहरी के बजरंगबली एवं शिव मंदिर और निलकोठी स्थित हनुमान मंदिर से हाल के दिनों में घंटी चोरी करने की बात बताई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 25 अक्टूबर 2026 को विधिवत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, ओम प्रकाश चौहान, पवन यादव, महादेव उरांव, सनातन हेम्ब्रम सहित सशस्त्र बल के जवान एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




