एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, जीता स्वर्ण पदक।
चेन्नई में आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10.10 सेकेंड का समय निकालकर रचा इतिहास, झारखंड को दिलाया पहला स्वर्ण पदक।

साहिबगंज। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड के एमानुएल किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 मीटर हर्डल्स में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खेल विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत साहिबगंज के सिद्धो-कान्हो स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु एवं राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र एमानुएल ने फाइनल में 10.10 सेकेंड का समय निकालकर इतिहास रच दिया।
एमानुएल ने प्रतियोगिता के हिट राउंड में 10.17 सेकेंड का समय निकालकर बिहार के रोहित राज के 10.28 सेकेंड के पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके बाद सेमीफाइनल में 10.22 सेकेंड का समय दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 10.10 सेकेंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया और झारखंड को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।
80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में केरल के गौरीश विनय ने 10.11 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक, जबकि बिहार के रोहित राज ने 10.26 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
एमानुएल किस्कू को वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला है। उनकी इस उपलब्धि से साहिबगंज सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।
एमानुएल की ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिलेवासियों ने उन्हें और उनके कोच योगेश यादव को बधाई दी। सभी ने एमानुएल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे झारखंड के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।




