Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल विधायक एमटी राजा एवं एसडीओ ने बीएलएनएल बोहरा इंटर महाविद्यालय का किया निरीक्षण।

शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और सुरक्षा सुविधाओं की हुई विस्तृत समीक्षा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने संयुक्त रूप से बीएलएनएल बोहरा इंटर महाविद्यालय, राजमहल का निरीक्षण कर महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्र-छात्राओं की संख्या तथा संस्थान की समग्र व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

विधायक एमटी राजा ने बताया कि महाविद्यालय में विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं को लेकर उन्हें कई लिखित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों के आलोक में उन्होंने महाविद्यालय पहुंचकर शासी निकाय के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की विषयवार संख्या तथा सभी विषयों के प्राध्यापकों की स्थिति की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक एमटी राजा ने कहा कि बीएलएनएल बोहरा इंटर महाविद्यालय राजमहल की एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहचान है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि जो छात्र-छात्राएं बेहतर परिणाम प्राप्त करें, उन्हें कॉलेज स्तर पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए, ताकि अन्य विद्यार्थियों में भी प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित हो सके।

विधायक ने महाविद्यालय में नियमित एवं व्यवस्थित कक्षा संचालन सुनिश्चित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक एवं एसडीओ ने महाविद्यालय परिसर की टूटी हुई चारदीवारी का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं का मजबूत एवं सुव्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है।

महाविद्यालय निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं शिक्षकगण की उपस्थिति रही। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!