RPF बरहरवा की बड़ी कार्रवाई: 09 पर्सनल IRCTC यूजर आईडी, 03 लाइव टिकट समेत ₹19,579.80 के ई-टिकट बरामद
व्यक्तिगत यूजर आईडी से अवैध ई-टिकट बुकिंग का खुलासा, एक गिरफ्तार

बरहरवा साहिबगंज। साइबर सेल हावड़ा एवं डीएससी आरपीएफ मालदा से प्राप्त PRABAL इनपुट के आधार पर रेलवे ई-टिकटों की अनधिकृत बुकिंग एवं आपूर्ति के विरुद्ध आरपीएफ बरहरवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। दिनांक 18 अगस्त 2026 को प्रज्ञा केंद्र, उत्तर पीयारपुर में आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान गोलाम मोहम्मद (28 वर्ष) को व्यक्तिगत आईआरसीटीसी यूजर आईडी के माध्यम से अनधिकृत रूप से रेलवे ई-टिकटों की बुकिंग करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई में उसके कब्जे एवं उपयोग से 09 व्यक्तिगत यूजर आईडी, 03 लाइव भविष्य यात्रा के ई-टिकट तथा 06 पूर्व यात्रा के ई-टिकट बरामद किए गए। बरामद ई-टिकटों की कुल कीमत ₹19,579.80 बताई गई है।
तलाशी के दौरान आरपीएफ टीम ने 01 एचपी लैपटॉप, 01 लेनोवो लैपटॉप एवं 01 रियलमी मोबाइल फोन सहित संबंधित ई-टिकटों को गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया।
यह कार्रवाई आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, सीटी अनिल कुमार साह एवं सीटी अमरेश कुमार, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की टीम द्वारा स्थानीय थाना राधानगर पुलिस के सहयोग से की गई।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा कांड संख्या 663/2026, दिनांक 18.08.2026, धारा 143 रेलवे अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में बरामद सामग्री, 09 व्यक्तिगत आईआरसीटीसी यूजर आईडी, 03 लाइव भविष्य यात्रा के ई-टिकट, 06 पूर्व यात्रा के ई-टिकट, 01 एचपी लैपटॉप, 01 लेनोवो लैपटॉप, 01 रियलमी मोबाइल फोन, ई-टिकटों की कुल कीमत ₹19,579.80
आरपीएफ की इस कार्रवाई से अनधिकृत रूप से रेलवे ई-टिकटों की बुकिंग एवं आपूर्ति करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।




