झारखंड स्थापना पखवाड़ा पर रविन्द्र भवन में सजी सांस्कृतिक महफिल।
लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटकों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन, TARA अभियान का शुभारंभ एवं पर्यटन विभाग की डायरी-कैलेंडर 2027 का विमोचन।

पाकुड़। झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के अवसर पर गुरुवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल, पाकुड़ में भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले की समृद्ध लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों, नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल एवं उपाध्यक्ष राणा ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर किशोर-किशोरियों के अधिकारों एवं आकांक्षाओं को समर्पित TARA (Together For Adolescent Rights And Aspiration) अभियान का शुभारंभ किया गया। साथ ही जिला पर्यटन विभाग, पाकुड़ की ओर से तैयार डायरी एवं कैलेंडर-2027 का विमोचन भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक समूहों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, लिट्टीपाड़ा की छात्राओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। वहीं आर.के. +2 उच्च विद्यालय, हिरणपुर एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिरणपुर की छात्राओं ने पारंपरिक लोकनृत्य के जरिए झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ के विद्यार्थियों ने युवा लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आर.जे.एम. गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जबकि यूएचएस हरिणडांगा के विद्यार्थियों ने ‘जय झारखंड’ विषय पर आकर्षक प्रस्तुति देकर राज्य के प्रति गौरव का संदेश दिया। इसके अलावा स्ट्रीट डांस ग्रुप की ऊर्जावान प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि TARA अभियान का उद्देश्य केवल चार-छह महीने में परिणाम हासिल करना नहीं, बल्कि अगले तीन वर्षों में समुदाय की सोच और सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामुदायिक सहभागिता आवश्यक है। इसके लिए अभिभावकों एवं समाज के लोगों को जागरूक करने के साथ किशोरियों को शिक्षा, कौशल विकास और आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की टीम, संबंधित पदाधिकारियों एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ विचार-विमर्श और जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों के आधार पर तीन वर्षों की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रशिक्षण, बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी और व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उपायुक्त ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से बाल विवाह मुक्त पाकुड़ बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में गीत-संगीत, एकल एवं सामूहिक नृत्य, नाटक, कविता पाठ और वादन सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

मंच संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा किशन कुमार भगत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला क्रीड़ा सह संस्कृति पदाधिकारी राहुल कुमार ने किया।




