कैंडल मार्च निकाल बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने बुलंद की आवाज।
शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश लेकर आगे आईं बेटियां, बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प।

साहिबगंज। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बाल विवाह के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूकता, शिक्षा और बदलाव का संदेश दिया। छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में सदर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य देवव्रत कुमार, गैर संस्थागत देखरेख पदाधिकारी चंदा कुमारी, मंथन संस्था के जिला समन्वयक अमन वर्मा तथा एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के अनिल कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों, बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इससे उत्पन्न होने वाली सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। छात्राओं को अपनी शिक्षा जारी रखने, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर छात्राओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा अपने आसपास बाल विवाह की किसी भी घटना को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन मीरू सोरेन, मेरीनीला मरांडी सहित सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य जागरूकता, शिक्षा और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति का उन्मूलन कर बालिकाओं को सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक भविष्य प्रदान करना है।




