झारखंड

बाल विवाह उन्मूलन को लेकर साहिबगंज में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

विद्यालयों और पंचायतों में चलाया गया जागरूकता अभियान, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने लोगों को दी कानूनी जानकारी।

साहिबगंज। बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं पंचायतों में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत यह पहल की गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकना, बच्चों के अधिकारों का संरक्षण करना तथा आम लोगों को इसके दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने बच्चों, किशोर-किशोरियों, अभिभावकों और ग्रामीणों को बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा बाधित होती है तथा उनके स्वास्थ्य, मानसिक विकास और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए लोगों से इस कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करने की अपील की गई।

अभियान के तहत बाल विवाह की दृष्टि से संवेदनशील एवं चिह्नित क्षेत्रों में विशेष रूप से जनसंपर्क, विधिक जागरूकता और रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से बाल विवाह, कम उम्र में विवाह तथा जबरन विवाह जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!