एसआईआर को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की सुपर चेकिंग, मतदाताओं से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं।
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, लंबित मामलों का एक सप्ताह में निष्पादन करने का दिया निर्देश; 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील।

पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया में लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाताओं से सीधे बातचीत की और गणना प्रपत्र, नोटिस तथा सत्यापन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने हिरणपुर प्रखंड के अपग्रेड हाई स्कूल तोड़ाई स्थित मतदान केंद्र संख्या 148, पंचायत भवन जबरदाहा स्थित मतदान केंद्र संख्या 85 तथा लिट्टीपाड़ा प्रखंड के करियोडीह स्थित मतदान केंद्र संख्या 65, मध्य विद्यालय लिट्टीपाड़ा स्थित मतदान केंद्र संख्या 33 और बीचामहल स्थित मतदान केंद्र संख्या 35 का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ स्तरीय कर्मियों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा मतदाताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसी क्रम में विशेष सर्वेक्षण एवं सुपर चेकिंग कराई जा रही है, ताकि गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाताओं के मामलों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें मतदाताओं ने दूसरे प्रखंडों अथवा अन्य स्थानों से आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया है, लेकिन उनका निष्पादन अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे सभी मामलों को चिह्नित कर अगले एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुछ मतदाता लंबे समय पूर्व दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुके हैं, जिसके कारण उन्हें सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेज जुटाने में परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों में भी आवश्यक पहल कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उपस्थित लोगों से अपील की कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।




