राज्य स्तरीय वूशु चैंपियनशिप में साहिबगंज के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, जीते 9 पदक।
एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान, बरहरवा पहुंचने पर खिलाड़ियों का हुआ जोरदार स्वागत।

साहिबगंज। झारखंड वूशु संघ, रांची के तत्वावधान में रांची स्थित ठाकुर विश्वनाथ सहदेव इंडोर स्टेडियम में 20 से 25 नवंबर तक आयोजित स्मिता झारखंड राज्य स्तरीय वूशु चैंपियनशिप में साहिबगंज जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में सुषमा कुमारी ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं लुखी कुमारी ने 48 किलोग्राम, सुप्रिया कुमारी ने 56 किलोग्राम और मीनू कुमारी ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इसके अलावा शिवानी कुमारी ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। सब-जूनियर वर्ग में सोनाली कुमारी ने 39 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में राधिका कुमारी ने 60 किलोग्राम, पूनम कुमारी और ब्यूटी मालतो ने 56-56 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
जिला वूशु संघ, साहिबगंज के सचिव सह प्रशिक्षक मृत्युंजय राय तथा सरताज और ललन कुमार के नेतृत्व में जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद बरहरवा पहुंचने पर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिले के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




