धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस पर पाकुड़ में विविध कार्यक्रम आयोजित।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज सहित वरीय पदाधिकारियों ने हाटपाड़ा स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश।

पाकुड़। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पाकुड़ जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हाटपाड़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मौके पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, जिला नजारत उप समाहर्ता विकास कुमार त्रिवेदी, पाकुड़ एसडीपीओ, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के इतिहास का गौरवशाली दिन है। वर्ष 2000 में इसी दिन झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उन्होंने जिलेवासियों एवं राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा महान जननायक एवं स्वतंत्रता सेनानी थे। उनके साहस, संघर्ष और क्रांतिकारी विचारों ने आदिवासी समाज में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना जगाई। उनका जीवन स्वाभिमान, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में बिरसा चौक से रानी दिग्घी छठ घाट तक ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, आईटीडीए के परियोजना निदेशक, अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स तथा शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के बाद उपायुक्त एवं अन्य प्रतिभागियों ने रानी दिग्घी छठ घाट परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया और आम नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्थापना दिवस पर धरती आबा को नमन करने के साथ स्वच्छ एवं विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प भी लिया गया है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। घर, आसपास और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि 17 से 27 नवंबर तक स्वच्छता एवं जनभागीदारी को लेकर कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके तहत पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी।

अंत में उन्होंने जिलेवासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।




