झारखंड

वर्ष 2029 तक पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य, ‘तारा’ अभियान के तहत तैयार हुई तीन वर्षीय कार्ययोजना।

उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा- सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी और कानूनी कार्रवाई से बाल विवाह पर लगेगी प्रभावी रोक।

पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि बाल विवाह पाकुड़ जिले के लिए एक गंभीर सामाजिक चुनौती है। इसे जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल ‘तारा’ (TARA – Together for Adolescent Rights and Aspirations) अभियान की शुरुआत की गई है।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि ‘तारा’ अभियान के तहत बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन के लिए तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जनसंपर्क, संवाद एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के साथ-साथ बाल विवाह की रोकथाम के लिए संबंधित कानूनी प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य वर्ष 2029 तक पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों, युवाओं एवं आम नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, ऐसी घटनाओं की रोकथाम करने तथा ‘तारा’ अभियान से जुड़ने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास से ही बाल विवाह मुक्त पाकुड़ का संकल्प साकार हो सकता है। इससे किशोर-किशोरियों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!