झारखंड

पतना प्रखंड में जलापूर्ति योजनाओं का संयुक्त दल ने किया निरीक्षण।

उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में तकनीकी एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने लिया कार्यों का जायजा, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में योजनाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त, साहिबगंज द्वारा गठित तकनीकी एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों के संयुक्त दल ने उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में पतना प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान दल ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और अब तक पूर्ण किए गए कार्यों की अद्यतन जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों और तकनीकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आमजनों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए जलापूर्ति योजनाओं के कार्यान्वयन और संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, साहिबगंज, सहायक अभियंता, आरडीएसडी (RDSD), तकनीकी पदाधिकारी, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता अवर प्रमंडल, साहिबगंज सहित संबंधित कनीय अभियंता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!