3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साहिबगंज का शानदार प्रदर्शन, ओवरऑल विजेता बना जिला।
13 पदकों के साथ साहिबगंज ने रचा इतिहास, बालक अंडर-14, बालिका अंडर-14 एवं बालक अंडर-16 वर्ग में हासिल किया चैंपियन का खिताब।

साहिबगंज। धनबाद के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 21 एवं 22 अगस्त 2026 को आयोजित 3री सब जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साहिबगंज जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया है। झारखंड एथलेटिक्स संघ, रांची एवं धनबाद जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त आयोजन में संपन्न इस प्रतियोगिता में साहिबगंज जिला की टीम ने कुल 7 स्वर्ण, 4 रजत एवं 2 कांस्य, कुल 13 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में राज्य के 24 जिलों के 331 एथलीटों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच साहिबगंज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन एवं मेहनत का परिचय देते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।
साहिबगंज की टीम ने बालक अंडर-14, बालिका अंडर-14 एवं बालक अंडर-16 वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विशेष रूप से बालक अंडर-14 एवं बालक अंडर-16 वर्ग में साहिबगंज ने लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले वर्ष 2025 में जामताड़ा में आयोजित 2री झारखंड राज्य स्तरीय सब जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी साहिबगंज के बालक अंडर-14 एवं अंडर-16 वर्ग के खिलाड़ियों ने विजेता का खिताब हासिल किया था।
साहिबगंज के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल सात स्वर्ण पदक जीते।
बालक अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन ग्रुप-ए में आयुष कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि किड्स जेवलिन में आकाश मंडल ने स्वर्ण पदक जीता।
बालक अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर एवं 80 मीटर हर्डल्स में एमानुएल किस्कू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पेंटाथलॉन में परमा हांसदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
बालिका अंडर-14 वर्ग में किड्स जेवलिन में रौशनी कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
बालिका अंडर-16 वर्ग में जेवलिन थ्रो में काजल कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में बालक अंडर-14 किड्स जेवलिन में विशाल कुमार, बालक अंडर-16 80 मीटर हर्डल्स में परमा हांसदा, बालिका अंडर-14 ट्रायथलॉन ग्रुप-सी में रौशनी कुमारी तथा बालिका अंडर-16 जेवलिन में बेबी कुमारी शामिल हैं।
वहीं बालक अंडर-16 शॉटपुट में सन्नी राज एवं बालक अंडर-16 लंबी कूद में अफराज अंसारी ने कांस्य पदक हासिल किया।
साहिबगंज जिले के खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता में जिला खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय एवं डे-बोर्डिंग एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नियमित प्रशिक्षण, बेहतर मार्गदर्शन एवं खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम रहा कि साहिबगंज की टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की।
टीम के साथ योगेश यादव, आवासीय एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज तथा अशोक साहनी, डे-बोर्डिंग एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
साहिबगंज के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। जिले के विजेता एवं पदक विजेता एथलीटों तथा उनके प्रशिक्षकों को उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार समेत जिलेवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
जिला प्रशासन एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि साहिबगंज के युवा खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।
साहिबगंज की यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर अवसरों का शानदार परिणाम मानी जा रही है। 13 पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बनकर जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर साहिबगंज खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।



