झारखंड

बाल विवाह मुक्त पाकुड़ के निर्माण की दिशा में जिला प्रशासन की नई पहल ‘तारा’।

‘TARA’ अभियान से किशोर-किशोरियों के अधिकार, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को मिलेगा बढ़ावा, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों से जनभागीदारी की अपील की।

पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पाकुड़ ने विशेष पहल ‘तारा’ (TARA – Together for Adolescent Rights and Aspirations) की शुरुआत की है। इस अभियान के माध्यम से किशोर-किशोरियों के अधिकारों, आकांक्षाओं और सपनों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों से बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों, विशेषकर किशोरियों के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक विकास में बड़ी बाधा है। इससे न केवल उनका बचपन प्रभावित होता है, बल्कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर भी सीमित हो जाते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि बाल विवाह का उन्मूलन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा और क्षमता विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए समाज में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करना आवश्यक है, जहां बच्चे बिना किसी सामाजिक बंधन के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से ‘तारा’ पहल से जुड़कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक प्रयास से ही पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाया जा सकता है।

अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे ‘तारा’ अभियान का हिस्सा बनें और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं, ताकि पाकुड़ के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का समान अवसर मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!