Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में खरीफ बीज वितरण अभियान का शुभारंभ, किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा उन्नत धान एवं दलहन बीज।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, जिले को मिला 430 क्विंटल धान बीज; आधुनिक खेती अपनाने का किसानों से आह्वान।

साहिबगंज। खरीफ फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभागार, साहिबगंज में खरीफ बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किया। इस अवसर पर बोरियो प्रखंड के 25 किसानों के बीच उन्नत किस्म के धान बीज का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से उन्नत एवं प्रमाणित बीजों के उपयोग के साथ-साथ आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की, ताकि उत्पादन और उत्पादकता दोनों में वृद्धि हो सके।

जिला कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिबगंज जिले को धान की उन्नत प्रभेद एमटीयू-7029 (MTU-7029) का कुल 430 क्विंटल बीज प्राप्त हुआ है। इनमें से 200 क्विंटल बीज बोरियो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) को आवंटित किया गया है, जिसका वितरण किसानों के बीच अनुदानित दर पर किया जा रहा है।

एमटीयू-7029 धान बीज का निर्धारित मूल्य 4,090 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि किसानों को यह बीज 50 प्रतिशत अनुदान के साथ मात्र 2,045 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसानों को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त होगा तथा फसल उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

जिले को प्रमाणित धान प्रभेद एमटीयू-1010 (MTU-1010) तथा हाईब्रिड धान अराइज-6444 (Arize-6444) एवं सावा-7301 (Sawa-7301) के 100-100 क्विंटल बीज भी आवंटित किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त दलहन फसलों के अंतर्गत उड़द, मूंग एवं अरहर के 50-50 क्विंटल बीज जिले को प्राप्त हुए हैं। इन बीजों का वितरण शीघ्र ही विभिन्न लैम्पस एवं पैक्स के माध्यम से किसानों के बीच 50 प्रतिशत अनुदान पर किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग, उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक प्रयोग तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, बेहतर फसल प्रबंधन एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र साहिबगंज के प्रधान-सह-वरीय वैज्ञानिक एवं अन्य वैज्ञानिक, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), बीएमएम, एटीएम, बोरियो एवं साहिबगंज प्रखंड के पदाधिकारी सहित लगभग 30 किसान उपस्थित रहे।

खरीफ बीज वितरण कार्यक्रम जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। अनुदानित दर पर उन्नत एवं प्रमाणित बीजों की उपलब्धता से खरीफ फसलों के उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। प्रशासन की इस पहल से कृषि क्षेत्र को नई गति मिलने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!