बाल विवाह पर लगेगी लगाम, एसपी ने की अपील– सूचना मिलते ही 112 पर करें कॉल।
'तारा' अभियान के तहत बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, सूचना मिलने पर पुलिस करेगी त्वरित कार्रवाई; वर्ष 2029 तक पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य।

पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल ‘तारा’ (TARA – Together for Adolescent Rights and Aspirations) अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों का विवाह बालिग होने से पहले न करें। बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि इससे बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से विकसित होने तथा आत्मनिर्भर बनने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
एसपी ने आम नागरिकों से विशेष रूप से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है या ऐसी किसी घटना की आशंका होती है, तो बिना देर किए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों को आगे आकर इस कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलानी होगी। सामूहिक प्रयास और सक्रिय जनभागीदारी से ही बाल विवाह पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से ‘तारा’ अभियान से जुड़ने, बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा किसी भी संभावित घटना की सूचना तत्काल 112 पर देकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक संकल्प से वर्ष 2029 तक पाकुड़ को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लक्ष्य को निश्चित रूप से साकार किया जा सकता है।



