बाल विवाह एवं नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
बाल विवाह मुक्त साहिबगंज बनाने में सभी विभागों और समाज की भागीदारी जरूरी : उपायुक्त | नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश।

साहिबगंज। बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित सिद्धो-कान्हू सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि, शिक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारी, पंचायत स्तरीय कर्मी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि कार्यशाला के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, साहिबगंज जिले को बाल विवाह मुक्त बनाना और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना। दूसरा, मादक पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक कुरीति है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत इसे रोकने के लिए कानूनी प्रावधान किए गए हैं तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। राज्य, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी नामित किए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का लक्ष्य साहिबगंज जिले में बाल विवाह की एक भी घटना नहीं होने देना है।
उपायुक्त ने नशा मुक्त भारत अभियान पर जोर देते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसका दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विशेषकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने दोनों अभियानों के संदेश को गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास ने बाल विवाह की रोकथाम में प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका एवं पंचायत सचिव अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें। बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित पदाधिकारी तत्काल सक्रिय होकर विवाह रोकने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सामूहिक प्रयास पर बल दिया।
कार्यशाला के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय, साहिबगंज, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बोरियो तथा गंगिया दामिन उच्च विद्यालय, पतना के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह मुक्त भारत एवं नशा मुक्त भारत विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों पर पड़ने वाले प्रभाव तथा कम उम्र में विवाह से होने वाली स्वास्थ्य एवं सामाजिक समस्याओं को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। वहीं नशे पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान को प्रदर्शित करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह एवं नशा मुक्त भारत अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यशाला में बाल कल्याण समिति के सभी सदस्य, कार्यक्रम C3 से मोहम्मद खालिद, गैर संस्थागत देखरेख से चंदा कुमारी एवं मीना कुमारी, मंथन संस्था से अमन वर्मा एवं नाहिद प्रवीण, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन से अनिल कुमार तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से मोहम्मद इकबाल, अवधेश कुमार एवं सुमन कुमार सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों का उन्मूलन केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। सामूहिक सहभागिता एवं निरंतर जागरूकता से ही साहिबगंज को बाल विवाह मुक्त एवं नशामुक्त जिला बनाया जा सकता है।




