सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बोरियो में दो दिवसीय परिवहन दरबार आयोजित।
परिवहन सेवाओं की जानकारी के साथ सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक, एलईडी वैन के माध्यम से ग्रामीण एवं हाट-बाजार क्षेत्रों में चलाया गया विशेष अभियान।

बोरियो साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड में दो दिवसीय परिवहन दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों तक परिवहन विभाग की सेवाओं को पहुंचाने के साथ-साथ आम लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
परिवहन दरबार में लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए लर्निंग आवेदन, लाइसेंस नवीनीकरण एवं संशोधन, वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र आरसी का हस्तांतरण, वाहन फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र पीयूसी तथा बीमा से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न परिवहन सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत हो।

इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गोल्डन आवर के दौरान दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने या उसकी मदद करने वाले नेक नागरिकों राहवीरों को प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का प्रावधान है। वहीं, हिट एंड रन दुर्घटना के मामलों में मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये मुआवजा दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इसके अलावा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं हाट-बाजार क्षेत्रों में जागरूकता एलईडी वैन के माध्यम से विशेष प्रचार अभियान चलाया गया। बाँझी हाट, बरहेट हाट एवं बोरियो अंचल में ऑडियो-विजुअल संदेशों के जरिए सड़क सुरक्षा नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान लोगों के बीच पंपलेट का भी वितरण किया गया, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

मौके पर मोटरयान निरीक्षक कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, अंचलाधिकारी नागेश्वर साव, पुलिस प्रशासन की ओर से एसआई विक्रम कुमार, सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पाराशर सहित स्थानीय कर्मी उपस्थित रहे।




