झारखंड

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ रवाना।

उपायुक्त, एसपी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 29 नवंबर को महादेवगंज में लगेगा दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी।

साहिबगंज। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जिले के ग्रामीण पशुपालकों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय परिसर से प्रचार रथ रवाना किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया। इस अवसर पर जिला गव्य विकास पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार झा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रचार रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर पशुपालकों और आम लोगों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं पात्रता की जानकारी देगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय को आजीविका के सशक्त माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

ज्ञात हो कि आगामी 29 नवंबर 2026 को डाकीनाथ गौशाला परिसर, महादेवगंज में एक दिवसीय दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में पशुपालकों को पशुपालन एवं डेयरी विकास से जुड़ी गतिविधियों, उन्नत पशुपालन पद्धतियों और उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पशुपालकों एवं ग्रामीणों से प्रचार अभियान से जुड़ने तथा 29 नवंबर को आयोजित दुधारू पशु मेला-सह-गव्य प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालन के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!