झारखंड

नशे के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, तस्करों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान।

स्कूल-कॉलेजों के 200 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित तंबाकू की बिक्री पर रहेगी निगरानी, दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ-पत्र।

साहिबगंज। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खरीद-बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, तस्करी, भंडारण, खरीद-बिक्री एवं सेवन पर नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाएं। संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध संबंधित कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, व्यापार एवं तस्करी से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड द्वारा जारी पुरस्कार नीति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को इस नीति के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA Act) के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 200 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। संबंधित दुकानदारों से शपथ-पत्र प्राप्त किया जाएगा, जिसमें वे मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की अवैध खरीद-बिक्री नहीं करने की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू उत्पादों के प्रतिबंधित उपयोग पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को जिले के सभी विद्यालयों में व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके तहत विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, परिचर्चा एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से बचाने के साथ अभिभावकों को भी जागरूक करना होगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निरंतर जागरूकता एवं निगरानी अभियान चलाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं नशे के दुरुपयोग के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए-सह-जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!