झारखंड स्थापना दिवस पर साहिबगंज में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, प्रतिभागियों को उपायुक्त ने किया पुरस्कृत।
अनुराग तिग्गा ग्रुप सहित विभिन्न प्रतिभागियों ने मारी बाजी, चयनित कलाकार 26 से 28 नवंबर तक रांची में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लेंगे भाग।

साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर संस्कृति निदेशालय एवं पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज की ओर से सिद्धो-कान्हू सभागार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की समृद्ध लोक एवं जनजातीय कला-संस्कृति को बढ़ावा देना तथा स्थानीय युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास एवं जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों ने गजल, हिंदी एवं नागपुरी गीत, नृत्य, भजन, सूफी गायन और क्षेत्रीय भाषाओं के गीत-संगीत की प्रस्तुति दी।

प्रतियोगिता में हिंदी एवं नागपुरी गीत-नृत्य श्रेणी में अनुराग तिग्गा ग्रुप, यूएचएस बड़ा तलबन्ना, तालझारी ने प्रथम, सोना किस्कू ने द्वितीय तथा माही ग्रुप, सीएमएस पोखरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं क्षेत्रीय गीत में राजेश यादव, महादेवगंज प्रथम, पायल कुमारी, साहिबगंज द्वितीय तथा अनुराग तिग्गा तृतीय स्थान पर रहे। गजल गायन में परमानंद महतो, तीनपहाड़ ने अपनी प्रस्तुति दी।
निर्णायक मंडली में परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, पूनम कुमारी, नयन कुमार, गौरव प्रियदर्शी, कुंदन कुमार मिश्रा, ज्योति प्रभा, संध्या किरण एवं उमेश ठाकुर शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जिले से चयनित प्रतिभागी 26 से 28 नवंबर तक रांची में आयोजित राज्य स्तरीय झारखंड स्थापना दिवस कार्यक्रम में साहिबगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे।



