भर्ती-सह-निबंधन शिविर में युवाओं को मिला रोजगार का अवसर, 18 अभ्यर्थियों का चयन।
241 रिक्तियों के विरुद्ध 21 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 19 युवाओं का झारखंड रोजगार पोर्टल पर हुआ निबंधन

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 नवंबर को जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, साहिबगंज के कार्यालय परिसर में एक दिवसीय भर्ती-सह-निबंधन शिविर का आयोजन किया गया। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
शिविर में निजी क्षेत्र की तीन नियोजक संस्थाओं SIS Ltd., EDS Skill Sahibganj एवं ICICI Prudential Life Insurance ने हिस्सा लिया। विभिन्न पदों पर उपलब्ध कुल 241 रिक्तियों के विरुद्ध आयोजित चयन प्रक्रिया में 18 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 21 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। इसके अलावा 19 युवाओं का झारखंड रोजगार पोर्टल पर निबंधन किया गया।

शिविर के दौरान सिक्योरिटी गार्ड, GDA ट्रेनर, CCE ट्रेनर, फील्ड एग्जीक्यूटिव, यूनिट मैनेजर, एजेंसी चैनल, बैंक चैनल, एडवाइजर एवं बैंक एटीएम सिक्योरिटी गार्ड सहित विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं, EDS Skill Center के प्रतिनिधि ने उपस्थित युवाओं को जिले में संचालित कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में नामांकन लेकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उनके कौशल का विकास करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जिला नियोजनालय की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए समय-समय पर रोजगार मेला एवं भर्ती शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर द्वारा युवाओं को ICT लैब, पुस्तकालय, करियर काउंसलिंग एवं निबंधन शिविर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी रोजगार योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।




