झारखंड

तालझारी प्रखंड में VB-G RAM G के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित।

पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिव, रोजगार सेवकों एवं तकनीकी कर्मियों को योजना के प्रावधानों और क्रियान्वयन की दी गई विस्तृत जानकारी।

तालझारी साहिबगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने, टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तालझारी प्रखंड कार्यालय के सभागार में VB-G RAM G के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी, तालझारी ने की।

प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में प्रखंड अंतर्गत सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं कनीय अभियंता सहित संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को VB-G RAM G की पृष्ठभूमि, उद्देश्य, विभिन्न प्रावधानों, संस्थागत ढांचे तथा योजनाओं के जमीनी स्तर पर व्यावहारिक एवं प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान योजना के उद्देश्यों एवं नए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नए प्रावधानों के तहत श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने पंचायत स्तर पर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए ग्राम सभा की भूमिका, योजनाओं के चयन की प्रक्रिया, अभिलेखों का समुचित संधारण, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यशाला में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा चार प्रमुख श्रेणियों—जल सुरक्षा, ग्रामीण संरचना, आजीविका संरचना एवं आपदा प्रबंधन आपदा से बचाव से संबंधित कुल 58 प्रकार की योजनाओं पर कार्य करने की स्वीकृति दी गई है।

इन योजनाओं का चयन ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा। साथ ही युक्तधारा के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया जाएगा।

इस व्यवस्था से एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का सृजन होगा, वहीं दूसरी ओर गांवों में ऐसी दीर्घकालिक एवं उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, जिनका लाभ ग्रामीण समुदाय को लंबे समय तक मिल सकेगा।

VB-G RAM G के तहत ग्रामीण विकास को बहुआयामी रूप से मजबूत करने पर जोर दिया गया है। जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास, आजीविका को मजबूत करने वाली परिसंपत्तियों के निर्माण तथा आपदा से बचाव एवं प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को बताया गया कि योजनाओं का चयन केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित न रहकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थायी विकास को गति देने वाला होना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान ग्राम सभा की भूमिका पर विशेष बल दिया गया। बताया गया कि स्थानीय आवश्यकताओं की सही पहचान और प्राथमिकता तय करने में ग्रामीणों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। योजनाओं के चयन से लेकर उनके क्रियान्वयन और निगरानी तक पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे ग्रामीणों तक योजना की जानकारी पहुंचाएं और पात्र श्रमिकों को उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यशाला के अगले चरण में 17 से 20 अगस्त 2026 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मेट, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को VB-G RAM G के प्रावधानों, उपलब्ध रोजगार अवसरों, योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास में उनकी सहभागिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य योजना से संबंधित जानकारी को प्रखंड स्तर से आगे बढ़ाकर गांव-गांव और ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक योजना के प्रावधानों और रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।

कार्यशाला में अधिकारियों ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागीय कर्मियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। योजनाओं के चयन, स्वीकृति, क्रियान्वयन, अभिलेख संधारण एवं निगरानी की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

प्रशिक्षण में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने योजना के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जिला प्रशासन का उद्देश्य VB-G RAM G के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार की सुनिश्चितता प्रदान करने के साथ-साथ गांवों में ऐसी टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना है, जो आने वाले वर्षों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आजीविका, जल सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को मजबूत आधार प्रदान कर सकें।

तालझारी प्रखंड में आयोजित यह प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। योजना की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचने और ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी बढ़ने से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!