एसआईआर-2026 विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण।
मतदाताओं की सुविधा, आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, साहिबगंज दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष शिविरों में चल रहे कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेते हुए मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आवेदनों के निष्पादन तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने बूथ संख्या 85 स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या उच्च विद्यालय, पोखरिया, बूथ संख्या 113, 114 एवं 115 स्थित राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, बूथ संख्या 118 स्थित आदर्श पुस्तकालय, पुरानी साहिबगंज, बूथ संख्या 116 एवं 117 स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पुरानी साहिबगंज तथा बूथ संख्या 97 एवं 98 स्थित पूर्व रेलवे उच्च विद्यालय, साहिबगंज में संचालित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से एसआईआर के तहत प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 से संबंधित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की तथा आवेदन प्राप्ति, दस्तावेजों की जांच एवं निष्पादन की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने तथा मतदाता सूची में संशोधन से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता एवं सावधानी बरती जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि घोषणा पत्र एवं संबंधित प्रपत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए तथा प्रत्येक आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत समुचित जांच सुनिश्चित की जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि विशेष शिविरों में आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा मतदान केंद्रों पर व्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं एवं नागरिकों के लिए सुगम वातावरण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी नागरिक को आवेदन जमा करने अथवा प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं बीएलओ को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रपत्र-6, 7 एवं 8 से संबंधित प्रत्येक आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गंभीरतापूर्वक जांच एवं निष्पादन किया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 की पूरी प्रक्रिया में मतदाता की सुविधा और मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि विशेष शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।



