पलाशबोना पंचायत में विधायक निसात आलम का जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान।
दूधिटोला, दक्षिण पाड़ा और पूरब टोला में भ्रमण कर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों से फोन पर कराए गए कई मामलों का त्वरित निपटारा।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड अंतर्गत पलाशबोना पंचायत के दूधिटोला, दक्षिण पाड़ा एवं पूरब टोला में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायिका निसात आलम ने जनसंपर्क अभियान के तहत व्यापक क्षेत्र भ्रमण किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी मूलभूत समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना था।
भ्रमण के दौरान विधायिका ने लोगों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में उन्होंने तत्काल संबंधित पदाधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं का समाधान भी कराया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।

इस दौरान क्षेत्र में “SIR” को लेकर मतदाताओं के बीच फैले भय और भ्रम को भी दूर करने का प्रयास किया गया। विधायिका निसात आलम ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि एक विशेष टीम लगातार इस विषय पर कार्य कर रही है और आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वे अपने नजदीकी बीएलए (BLA) या जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान से संपर्क कर सकते हैं। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

वहीं, जिला अध्यक्ष बरकत खान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “SIR” प्रक्रिया के तहत बीएलए स्वयं घर-घर जाकर लोगों को पूरी जानकारी देंगे। इसके बावजूद यदि किसी को कोई संदेह या सवाल हो, तो वे बेझिझक संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर बरकत खान, अशोक दास, मोरसलीम खान, रणजीत टुडू, रफीक, फिरोज़, इशहाक, आलमगीर, अब्दुल गफूर, दिलदार आलम, हबीबुल्लाह, जमीरुल, सफीकुल, अकमल, सोहेल, फोटिक, सफीक, याकूब, शब्बीर, शमीम सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




