राजमहल बीडीओ मो. युसूफ ने विद्यालयों एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्र का किया निरीक्षण।
शिक्षा व्यवस्था, मिड डे मील एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसूफ द्वारा शुक्रवार, को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्क्रमित मध्य विद्यालय मिरजीबाजार, मध्य विद्यालय काजीगांव तथा आयुष्मान आरोग्य केंद्र मुरली का दौरा कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में बीडीओ मो. युसूफ ने विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा मिड डे मील योजना की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मिड डे मील में स्वच्छता एवं निर्धारित मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुशासित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का निर्देश भी दिया।
इसके उपरांत बीडीओ ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र मुरली का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रसव सुविधा, मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं एवं केंद्र की कार्यप्रणाली की जांच की गई।

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रसव सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। साथ ही साफ-सफाई एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इस अवसर पर अभिजीत कुमार, गगन बापू, संबंधित विद्यालयों के शिक्षक एवं एएनएम सिंधु कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


