Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया शहर के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण।

पर्यटन, शिक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास को लेकर दिए कई अहम निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को साहिबगंज नगर क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रही विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों और अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेस्ट टू वंडर पार्क, गंगा विहार पार्क, मास्टर सोबरन मांझी अनुमंडलीय पुस्तकालय, टाउन हॉल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर एवं महिला छात्रावास, बिरसा मुंडा घाट, मुक्तेश्वर घाट तथा नमामि गंगे घाट का जायजा लिया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले के सार्वजनिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन स्थलों का समुचित विकास नागरिकों, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ साहिबगंज को एक आकर्षक, व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहित के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले वेस्ट टू वंडर पार्क का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए इसे जिले का प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने पार्क में आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, वॉकवे, बच्चों के खेल क्षेत्र, सांस्कृतिक मंच, कैफेटेरिया तथा सेल्फी प्वाइंट को व्यवस्थित रूप से विकसित करने को कहा।

उपायुक्त ने विशेष रूप से झारखंड की जनजातीय संस्कृति, स्थानीय विरासत एवं पारंपरिक कलाओं को कलात्मक रूप में प्रदर्शित करने पर जोर देते हुए कहा कि यह पार्क स्थानीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बने।

उन्होंने 15 अगस्त तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

इसके बाद उपायुक्त ने गंगा विहार पार्क का निरीक्षण किया। पार्क की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसके समग्र पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि समुचित रखरखाव के अभाव में पार्क परिसर में झाड़ियां और बड़े-बड़े घास उग जाने से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पार्क परिसर की नियमित साफ-सफाई, घास कटाई और झाड़ियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। निरीक्षण के दौरान कई झूलों एवं खेल उपकरणों में जंग लगने तथा लोहे के ढांचों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई।

उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद साहिबगंज को सभी झूलों एवं बच्चों के खेल उपकरणों की मरम्मत, पेंटिंग और रखरखाव कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पार्क की आधारभूत संरचना अभी भी उपयोग योग्य स्थिति में है और व्यवस्थित अनुरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के माध्यम से इसे पुनः जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में विकसित किया जा सकता है।

साथ ही उन्होंने सजावटी पौधारोपण, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने, बैठने की सुविधाएं बेहतर बनाने तथा नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क के नियमित अनुरक्षण हेतु आउटसोर्सिंग के माध्यम से अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पार्क को राजस्व-सक्षम मॉडल के रूप में विकसित करने पर भी बल दिया।

मास्टर सोबरन मांझी अनुमंडलीय पुस्तकालय एवं टाउन हॉल निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुस्तकालय भवन के ऊपरी तल पर जल रिसाव की समस्या के समाधान, नए शौचालय निर्माण तथा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त केबिन आधारित अध्ययन व्यवस्था विकसित करने को कहा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को शांत एवं एकाग्र अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यक्तिगत अध्ययन केबिन, लैपटॉप एवं मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रीडिंग लैंप तथा वातानुकूलित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु जरूरी पुस्तकों की जानकारी ली तथा आवश्यक पुस्तकें और सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा एवं जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष से भी पुस्तकालय की आवश्यकताओं और प्रस्तावित सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

टाउन हॉल निरीक्षण के दौरान भवन की मरम्मत, सीपेज समस्या के समाधान, शौचालयों के नवीनीकरण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के उन्नयन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही टाउन हॉल परिसर के पीछे चार कक्षों वाले अतिरिक्त भवन निर्माण की संभावनाओं पर विचार करते हुए संबंधित अभियंताओं को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा गया।

उपायुक्त ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण, आधुनिक प्रयोगशाला की व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर बैठने की सुविधा तथा खेल मैदान के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने विद्यालय परिसर से संबंधित भूमि, प्रवेश द्वार एवं बाउंड्री से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु अंचल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में अवैध अतिक्रमण रोकने तथा उपलब्ध भूमि का उपयोग शैक्षणिक एवं छात्र हित से जुड़े कार्यों के लिए सुनिश्चित करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध पुराने बेंच-डेस्क एवं अन्य फर्नीचर की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने उपयोग योग्य पुराने संसाधनों की मरम्मत कर उन्हें पुनः उपयोग में लाने का निर्देश दिया, ताकि कम लागत में बेहतर संसाधन प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

इसके बाद उपायुक्त ने बिरसा मुंडा घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन घाट, चेंजिंग रूम एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए फिसलन-रोधी टाइल्स लगाने, प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने, पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा शौचालय एवं स्नानागार निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि भविष्य में घाट को गंगा आरती एवं धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विकसित किया जा सकता है, जिससे पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुक्तेश्वर घाट एवं नमामि गंगे घाट निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों की स्वच्छता, सीवेज प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं समुचित रखरखाव पर विशेष बल दिया।

उन्होंने नमामि गंगे घाट पर आयोजित होने वाली गंगा आरती को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने तथा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं आगंतुकों के लिए सुविधाओं के विस्तार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

साथ ही लंबित विकास योजनाओं से संबंधित डीपीआर एवं प्रस्तावों को शीघ्र अग्रसारित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद साहिबगंज अभिषेक सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे अमित कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता दिवाकर मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष तथा स्पेशल डिवीजन के कनीय अभियंता रामाशंकर सहित संबंधित विभागों के कई पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!