पलाश (JSLPS) के “हर घर सुरक्षा अभियान” में सखी मंडलों ने ग्रामीणों को किया जागरूक।
PMSBY एवं PMJJBY योजनाओं से जुड़कर आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील, गांव-गांव में चला जागरूकता अभियान।

साहिबगंज। पलाश (JSLPS) द्वारा संचालित “हर घर सुरक्षा अभियान” (द्वितीय चरण) के तहत साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में ग्राम संगठनों के माध्यम से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान ग्रामीण परिवारों एवं सखी मंडलों को भारत सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं — प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) — के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को बीमा योजनाओं के लाभ, बीमा नवीनीकरण की प्रक्रिया, नए लाभुकों को जोड़ने तथा बीमा क्लेम सेटलमेंट संबंधी आवश्यक जानकारियां सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाई गईं। साथ ही सखी मंडल की दीदियों एवं ग्रामीण परिवारों को इन योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम संगठनों में बीमा शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैली, रंगोली प्रतियोगिता एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्राम संगठन के सदस्यों, सखी मंडल की महिलाओं तथा सामुदायिक कैडरों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
पलाश (JSLPS) द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक परिवारों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं सुरक्षित बनाना है।




