झारखंड

गांव-गांव पहुंच रहा विधिक जागरूकता का संदेश, नालसा मेगा ड्राइव के तहत ग्रामीणों को मिल रही निःशुल्क कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी।

बरहेट के संथाली गांवों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान, सचिव विश्वनाथ भगत ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद।

साहिबगंज बरहेट। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों तक न्याय एवं विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “नालसा की योजनाओं को जमीनी स्तर तक लागू करने के लिए मेगा ड्राइव, प्रथम चरण” के तहत यह अभियान 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है।

इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नालसा की विभिन्न योजनाओं, उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाना है। साथ ही पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना भी अभियान की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है।

इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बरहेट क्षेत्र के संथाली गांवों एवं विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए नालसा की विभिन्न योजनाओं और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। किसी व्यक्ति के पास आर्थिक संसाधनों का अभाव होने के कारण उसे न्याय से वंचित नहीं होना चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण ऐसे लोगों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान केवल कानूनी जानकारी देने तक ही अभियान को सीमित नहीं रखा गया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई। अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस दौरान लाभुकों को सरकारी योजनाओं के तहत आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से ग्रामीणों में अपने अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं को लेकर जागरूकता बढ़ी।कार्यक्रम में ग्रामीणों को विशेष रूप से बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को कानूनी समस्या का सामना करना पड़ रहा है और वह आर्थिक कारणों से वकील की सेवा लेने में सक्षम नहीं है, तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।

ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या उत्पन्न होने पर बिना झिझक उचित विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें यह भी समझाया गया कि समय पर सही कानूनी सलाह एवं सहायता मिलने से कई समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

नालसा के इस मेगा ड्राइव को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्रों) की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। न्याय मित्र लगातार ग्रामीणों के संपर्क में रहकर उन्हें उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दे रहे हैं।

इसके अलावा न्याय मित्र पात्र लाभुकों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, उनकी समस्याओं को समझने तथा जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण सहयोग कर रहे हैं। इस माध्यम से अभियान की पहुंच उन ग्रामीण परिवारों तक भी बनाई जा रही है, जो जानकारी या संसाधनों के अभाव में अब तक विधिक एवं सरकारी सेवाओं से दूर रहे हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, साहिबगंज का लक्ष्य है कि इस विशेष मेगा ड्राइव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक विधिक जानकारी, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि केवल जानकारी, आर्थिक कमजोरी या संसाधनों के अभाव में कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों और न्याय से वंचित न रह जाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता, संवाद एवं सहायता का कार्य जारी है।

नालसा के इस व्यापक अभियान से ग्रामीणों में कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच भी मजबूत हो रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम एवं न्याय मित्रों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर किए जा रहे प्रयासों से “सबके लिए न्याय” की अवधारणा को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!