सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत LED जागरूकता वेन से जिलेभर में चलाया गया अभियान।
ऑडियो-विजुअल संदेशों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन, हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग और दुर्घटना पीड़ितों की मदद के प्रति लोगों को किया गया जागरूक।

साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता एलईडी (LED) वेन के माध्यम से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। एलईडी वेन के जरिए ऑडियो-विजुअल संदेशों का प्रसारण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए। अभियान के दौरान लोगों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा यातायात से जुड़े नियमों के प्रति सजग रहने के महत्व से अवगत कराया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाना, दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना तथा सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के प्रति लोगों को प्रेरित करना है। इसके साथ ही आम जनता को यह समझाने का प्रयास किया गया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
एलईडी जागरूकता वाहन के माध्यम से प्रसारित किए जा रहे संदेशों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़े और लोग स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत संचालित यह पहल जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित करने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम लोगों में जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का प्रयास है कि जागरूकता के माध्यम से लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए और सड़क हादसों में होने वाली दुर्घटनाओं एवं जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।



