एसआईआर के तहत दूसरे राज्यों में प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले 30 नवंबर तक बीएलओ को दें पावती की प्रति।
प्रमाण पत्र जारी कराने में तेजी लाने के लिए संबंधित राज्यों के प्रशासन से समन्वय करेगा जिला प्रशासन, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने आवेदकों से की अपील।

पाकुड़। एसआईआर विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के वैसे नागरिकों से विशेष अपील की है, जिन्होंने पश्चिम बंगाल अथवा अन्य राज्यों में जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किया है। ऐसे सभी आवेदक अपने आवेदन की पावती की एक प्रति 30 नवंबर 2026 तक संबंधित बीएलओ को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
उपायुक्त ने विशेष रूप से उन महिलाओं से भी अपील की है, जिनकी शादी पश्चिम बंगाल अथवा अन्य राज्यों में हुई है और वे वर्तमान में पाकुड़ जिले में निवास कर रही हैं। यदि उन्होंने अपने पूर्ववर्ती राज्य में किसी आवश्यक प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, तो वे भी आवेदन की पावती अपने संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि आवेदकों से प्राप्त पावती के आधार पर संबंधित राज्यों के प्रशासन से समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और लोगों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता मिल सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया 22 दिसंबर 2026 तक चलेगी। उन्होंने सभी संबंधित आवेदकों से निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए 30 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन की पावती बीएलओ के पास जमा करने की अपील की है, ताकि प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए समय पर आवश्यक समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।




