संविधान दिवस पर वन प्रमंडल साहिबगंज में रक्तदान शिविर आयोजित, 60 से अधिक लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान।
वन विभाग, पुलिस विभाग एवं समाहरणालय के पदाधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, जरूरतमंद मरीजों की मदद का दिया संदेश।

साहिबगंज। संविधान दिवस के अवसर पर वन प्रमंडल, साहिबगंज की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वन प्रमंडल कार्यालय में आयोजित इस वर्ष के दूसरे रक्तदान शिविर में 60 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। इससे पूर्व आयोजित शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अस्पतालों एवं ब्लड बैंकों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना था।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने कहा कि रक्तदान केवल मानवीय सेवा ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से अस्पतालों में भर्ती मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ एवं योग्य व्यक्तियों से आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी को भी कभी भी पड़ सकती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।

आयोजन में वन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, पुलिस विभाग एवं समाहरणालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए रक्तदान किया। विभिन्न विभागों के सामूहिक सहयोग एवं बेहतर समन्वय से शिविर सफल रहा।
अंत में वन प्रमंडल, साहिबगंज की ओर से सभी रक्तदाताओं, पुलिस विभाग, समाहरणालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों, चिकित्सा दल तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया गया।




