उपायुक्त के निर्देश पर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाओं का वितरण।
सोनाजोड़ी वृद्धाश्रम में चिकित्सकों की टीम ने की गहन जांच, बुजुर्गों को स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देशानुसार दिनांक 01 मई 2026 को जिले के सोनाजोड़ी स्थित वृद्धाश्रम में निवास कर रहे सभी बुजुर्गों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण संपन्न किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीम द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य की गहन जांच करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान बुजुर्गों का ब्लड प्रेशर, शुगर, शरीर का तापमान सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों ने प्रत्येक वृद्धजन की स्वास्थ्य स्थिति का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन कर उन्हें आवश्यक सुझाव दिए तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

जांच के उपरांत सभी लाभार्थियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। इसके साथ ही टीम द्वारा बुजुर्गों को संतुलित आहार लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने एवं नियमित दिनचर्या अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल तथा स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



