चुप्पी नहीं, जागरूकता जरूरी: पतना के कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं को दी गई बाल अधिकार एवं पोक्सो कानून की जानकारी।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति किया गया जागरूक, सैनिटरी पैड का भी हुआ वितरण।

पतना साहिबगंज। पतना प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
इस दौरान संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को बाल अधिकार, पोक्सो (POCSO) अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न के प्रति चुप्पी साधने के बजाय जागरूक होकर आवाज उठाने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्ची को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और संरक्षण प्राप्त करना उसका अधिकार है।

कार्यक्रम में छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, आफ्टर केयर, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभाव, नशामुक्त जीवन, आत्मरक्षा तथा माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। साथ ही छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया गया।

मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मो. इकबाल, मंथन संस्था की आराधना मंडल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित थीं।




