राजमहल मॉडल कॉलेज के एनएसएस विशेष शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन।
सालबनी, भोटोटोला, लोगाई एवं खैरबन्नी सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया निःशुल्क उपचार व दवा वितरण।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल मॉडल कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई–1 एवं इकाई–2 द्वारा गोद लिए गए ग्राम सालबनी एवं भोटोटोला में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन भोटोटोला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज सेवा की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सा दल एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

स्वास्थ्य शिविर में सालबनी, भोटोटोला, लोगाई, खैरबन्नी सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, त्याग, समन्वय, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकता, सद्भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और विद्यार्थियों के बीच एक मजबूत सेतु है, जो युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है।
उन्होंने बताया कि शिविर से पूर्व एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य जांच शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवकों के इसी प्रयास का परिणाम रहा कि बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर तक पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने स्वास्थ्य शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सा दल को डायरी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी है।
प्राचार्य ने राजमहल स्वास्थ्य विभाग का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि विभाग के सहयोग से भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा दल का नेतृत्व डॉ. अभिषेक पाठक ने किया। उन्होंने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा विभिन्न रोगों की रोकथाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमजान अली एवं डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, एनएसएस के स्वयंसेवक, शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।




