पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने जताया गहरा शोक।
भाजपा के पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन को बताया पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की अपूरणीय क्षति।

पाकुड़। झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बेनी प्रसाद गुप्ता का हृदय गति रुकने से निधन होना न केवल राजनीतिक जगत बल्कि पूरे पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है।
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने अपने शोक संदेश में कहा कि राजनीतिक रूप से दोनों हमेशा एक-दूसरे के विरोधी रहे, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों में बेनी प्रसाद गुप्ता का व्यवहार बेहद सौम्य, आत्मीय और सम्मानजनक था। उन्होंने कहा कि बेनी प्रसाद गुप्ता एक नेकदिल, मिलनसार एवं जनसरोकारों से जुड़े नेता थे, जिन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी।
उन्होंने कहा कि बेनी प्रसाद गुप्ता के असमय निधन से पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ा नुकसान हुआ है। उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता और सरल स्वभाव उन्हें एक अलग पहचान दिलाता था।
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पूरी तरह परिवार के साथ खड़े हैं तथा ईश्वर से परिवारजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हैं।



