उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में प्रशिक्षित सहायक आचार्यों का पारदर्शी पदस्थापन।
रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं भाषा शिक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी।

पाकुड़। समाहरणालय सभागार में आज प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत सहायक आचार्य संवर्ग में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 01 से 05) एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 06 से 08) के पदस्थापन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह पूरी प्रक्रिया उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई।
पदस्थापन प्रक्रिया के दौरान गणित एवं विज्ञान शिक्षक, सामाजिक विज्ञान शिक्षक तथा भाषा शिक्षकों का पदस्थापन रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर सभी नवपदस्थापित शिक्षक उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पदस्थापन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा रहा है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर प्राप्त हो सके।

उन्होंने सभी शिक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा बच्चों के भविष्य को बेहतर दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम होती है।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी होता है। इसलिए शिक्षकों का दायित्व है कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करें।

कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार सहित बड़ी संख्या में नवपदस्थापित शिक्षक उपस्थित रहे।



