निर्वाचन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।
बोरियो प्रखंड कार्यालय में निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी ने की समीक्षा, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिए आवश्यक निर्देश।

बोरियो साहिबगंज। बोरियो प्रखंड कार्यालय में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, 02-बोरिया (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, अमर जॉन आईन्द ने की।
बैठक के दौरान निर्वाचन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इसमें Mapping, ASDD, DSE, प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के निष्पादन तथा Notional House Numbering कार्यों की वर्तमान प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
समीक्षा के क्रम में निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी ने लंबित Mapping कार्यों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकतम मतदाताओं का सही चिन्हीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने ASDD एवं DSE मामलों के पुनः सत्यापन पर भी जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रवासी मतदाताओं से संबंधित मामलों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है। इसमें संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ करें।
बैठक में बीएलओ सुपरवाइजर, निर्वाचन कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



