मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026: उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने के दिए निर्देश।
समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित पुनरीक्षण कार्य पर जोर, बीएलओ को शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश।

पाकुड़।मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने रहसपुर, बूथ संख्या-266, बूथ संख्या-193 (प्राथमिक विद्यालय, रणडागा) तथा बूथ संख्या-403 (बैंक कॉलोनी) का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों, प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान, मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत कवरेज के साथ पुनरीक्षण कार्य पूरा करें।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है। इसके तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ना, अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की प्रविष्टियों का नियमानुसार निष्पादन करना तथा आवश्यक संशोधन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमसम्मत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी योग्य नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार का निर्बाध रूप से प्रयोग कर सकें।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से भी संवाद किया। उन्होंने नागरिकों से अपने नाम का मतदाता सूची में सत्यापन करने, आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




