झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, आनंद मुर्मू बने गोड्डा जिला अध्यक्ष।
श्रम विभाग में पंजीकरण को बताया अनिवार्य, मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान।

बोआरीजोर गोड्डा। प्रखंड परिसर, बोआरीजोर में शुक्रवार को झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महेंद्र मरांडी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन का पुनर्गठन, संगठनात्मक मजबूती तथा असंगठित मजदूरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रत्येक असंगठित मजदूर का श्रम विभाग में पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक असंगठित मजदूरों का पंजीकरण कराएं तथा उन्हें श्रमिकों के अधिकारों, श्रम कानूनों और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र मजदूर सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान संगठन के पुनर्गठन पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से आनंद मुर्मू को झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक, गोड्डा जिला अध्यक्ष चुना गया। केंद्रीय नेतृत्व ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को 15 दिनों के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन कर उसकी सूची केंद्रीय कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर श्रमिकों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। साथ ही श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रत्येक गांव तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक मजदूर इन योजनाओं का लाभ उठा सकें और उनका सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो।
बैठक में फूल कुमारी देवी, मुंशी मुर्मू, मंशा हेंब्रम, तला किस्कू सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।




