बरहरवा में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: ट्रेन के बैटरी बॉक्स से अवैध शराब और बीयर बरामद।
ट्रेन संख्या 53403 में छुपाकर ले जाई जा रही थी शराब, आबकारी विभाग को सौंपा गया मामला।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप बरामद की है। यह कार्रवाई रविवार को विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के निर्देशन में हेड कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल राजीव कुमार एवं कांस्टेबल मनीष कुमार की टीम, साथ ही CPDS टीम (मालदा) ने बरहरवा से साहिबगंज की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 53403 में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान ट्रेन के पिछले हिस्से से चौथे कोच के बैटरी बॉक्स में छुपाकर रखे गए दो बोरे (कट्टे) बरामद किए गए। जब इन बोरों को खोलकर देखा गया, तो उनमें अवैध विदेशी शराब एवं बीयर पाई गई।
बरामद सामग्री का विवरण इस प्रकार है:
रॉयल झारखंड डीलक्स लिकर – 100 बोतल (प्रत्येक 300 एमएल), कुल मात्रा: 30,000 एमएल, अनुमानित कीमत: ₹6,500/-
गॉडफादर स्ट्रॉन्ग बीयर (कैन) – 12 कैन (प्रत्येक 500 एमएल) कुल मात्रा: 6,000 एमएल, अनुमानित कीमत: ₹1,800/-
कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत: ₹8,300/-
आरपीएफ द्वारा जब्त की गई शराब एवं बीयर को विधिवत गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामले की सूचना आबकारी विभाग, साहिबगंज को दी गई।
बाद में पूरी जब्त सामग्री को अग्रिम कार्रवाई हेतु आबकारी विभाग, साहिबगंज को सुपुर्द कर दिया गया।इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आरपीएफ की सतर्कता और सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।




