जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए ‘पावर रिवीजन कैंप’ की शुरुआत, 3 दिवसीय मेगा सत्र में मिलेगी सफलता की सटीक रणनीति।
जिला प्रशासन, पाकुड़ की पहल—प्रोजेक्ट ‘प्रयास’ के तहत 9 से 11 अप्रैल तक विशेष रिवीजन सत्र, विशेषज्ञों द्वारा मिलेगा मार्गदर्शन।

पाकुड़। झारखंड लोक सेवा आयोग जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए “जेपीएससी प्रीलिम्स बूस्टर – पावर रिवीजन कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष 3 दिवसीय सत्र प्रोजेक्ट ‘प्रयास’ के अंतर्गत 09, 10 एवं 11 अप्रैल 2026 को प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से आयोजित होगा।
इस मेगा लास्ट-मिनट रिवीजन कैंप का उद्देश्य अभ्यर्थियों को कम समय में अधिकतम तैयारी कराते हुए उन्हें परीक्षा में सफलता के लिए पूरी तरह तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को अंतिम समय की रणनीति, महत्वपूर्ण विषयों का गहन विश्लेषण, संभावित प्रश्नों की चर्चा, स्मार्ट रिवीजन तकनीक, अधिक अंक प्राप्त करने के उपाय, सामान्य गलतियों से बचने के तरीके तथा विभिन्न शॉर्ट ट्रिक्स की जानकारी दी जाएगी।
इस सत्र का मुख्य विषय “14वीं जेपीएससी परीक्षा हेतु अंतिम समय की तैयारी एवं रणनीति” रखा गया है, जो अभ्यर्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में प्रख्यात शिक्षाविद एवं मोटिवेटर अरुण अग्रवाल (निदेशक – उड़ान IAS एकेडमी) द्वारा अभ्यर्थियों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। उनका अनुभव और सुझाव छात्रों के लिए अंतिम समय में बेहद मददगार साबित होगा।

यह महत्वपूर्ण सत्र भगवान बिरसा मुंडा एजुकेशन सेंटर एंड लाइब्रेरी, पोस्ट ऑफिस के समीप, पाकुड़ में आयोजित किया जा रहा है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी जेपीएससी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस पावर रिवीजन कैंप में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इसका पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह सत्र अभ्यर्थियों को सही दिशा, सटीक रणनीति और आत्मविश्वास प्रदान करेगा, जिससे वे आगामी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
यह पावर रिवीजन कैंप जेपीएससी अभ्यर्थियों के लिए अंतिम समय में अपनी तैयारी को धार देने का एक सुनहरा अवसर है, जो उनकी सफलता की राह को और आसान बना सकता है।




