स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का निर्देश।
HMIS रिपोर्टिंग में सुधार और पर्व-त्योहार को लेकर स्वास्थ्य केंद्रों में दवा व संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल अस्पताल में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने की। इसमें राजमहल प्रखंड क्षेत्र के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सीएचओ एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सहिया साथी तथा स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े पर्यवेक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रखंड में संचालित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा किए जा रहे कार्यों, निर्धारित लक्ष्यों और अब तक की उपलब्धियों की जानकारी ली गई। उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जिम्मेदारी एवं गंभीरता से कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान HMIS हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम में दर्ज आंकड़ों एवं रिपोर्टिंग की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े आंकड़ों की रिपोर्टिंग समय पर और सही तरीके से सुनिश्चित करें, ताकि प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
उपाधीक्षक ने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के लिए क्षेत्र स्तर पर नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। कार्य में लापरवाही अथवा अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियों की समीक्षा की गई। उपाधीक्षक ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सा संसाधनों एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं और आवश्यक संसाधनों की नियमित जांच करने तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, HMIS रिपोर्टिंग में सुधार तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक संजय यादव, पीएमडब्ल्यू सुनील कुमार सहित राजमहल प्रखंड क्षेत्र के सभी सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सहिया साथी एवं स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़े पर्यवेक्षक व कर्मी उपस्थित रहे।




