त्योहारों को लेकर नगर थाना में पुलिस-व्यापारी बैठक, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा।
चैंबर ने सौंपा 9 सूत्रीय मांग-पत्र, नियमित गश्त, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा और नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन की मांग।

साहिबगंज। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं व्यापारियों की सुविधाओं को लेकर बुधवार को नगर थाना परिसर में पुलिस एवं व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने की। इसमें ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के पदाधिकारियों सहित शहर के प्रमुख व्यापारी शामिल हुए।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि थाना स्तर पर बेहतर पुलिस व्यवस्था, जनता से सीधा संवाद तथा अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों एवं आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक साहिबगंज अमित कुमार सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया।

त्योहारी मौसम में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए चैंबर की ओर से नगर थाना प्रभारी को 9 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा गया। इसमें प्रमुख बाजारों में नियमित पुलिस गश्त, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने, महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोलिंग, रंगदारी एवं अवैध उगाही के लिए शिकायत व्यवस्था, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा बाहरी फेरीवालों के पुलिस सत्यापन की मांग शामिल रही।
चैंबर ने चौक बाजार, स्टेशन रोड एवं कॉलेज रोड जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल एवं मोबाइल पुलिस गश्त बढ़ाने तथा त्योहार के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की। साथ ही बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग एवं प्रभावी यातायात नियंत्रण पर भी जोर दिया गया।
व्यापारियों ने साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान एवं सेमिनार आयोजित करने की मांग रखी। प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं प्रवेश मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रिय निगरानी सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग कराने की मांग की गई। इसके अलावा बाजार बंद होने के बाद व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने तथा बाहरी फेरीवालों एवं विक्रेताओं का पुलिस सत्यापन कराने का सुझाव दिया गया।
चैंबर ने रंगदारी एवं अवैध उगाही से संबंधित शिकायतों के लिए गोपनीय हेल्पलाइन की व्यवस्था करने और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की मांग भी रखी।
व्यापारियों ने मालवाहक वाहनों के प्रवेश को लेकर वर्तमान नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन की मांग की। चैंबर ने सुझाव दिया कि मालवाहक वाहनों को सुबह 6:30 बजे से पहले, दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक तथा शाम 6 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाए। वहीं नो-एंट्री का समय सुबह 6:30 से 11 बजे तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों और त्योहार के दौरान दुकानों तक माल पहुंचाने में सुविधा रहे।

नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने चैंबर प्रतिनिधियों की सभी मांगों एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और आवश्यक बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में पुलिस एवं व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सचिव मोहित बेगराजका, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, पूर्व अध्यक्ष आफताब आलम, कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर मंडल, शंकर साह, अंकित तमाकुवाला, कमल महावर, राकेश कुमार सहित अन्य व्यापारी एवं चैंबर सदस्य उपस्थित रहे।




