सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने का उपायुक्त ने दिया निर्देश।
पीएम-कुसुम, किसान समृद्धि योजना एवं JREDA से जुड़ी योजनाओं की हुई समीक्षा, सोलर संयंत्रों के रख-रखाव और भौतिक सत्यापन पर विशेष जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में सौर ऊर्जा आधारित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएम-कुसुम योजना, किसान समृद्धि योजना, JREDA सहित जिले में संचालित सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पूर्व में अधिष्ठापित सोलर ऑफ-ग्रिड संयंत्रों के समुचित रख-रखाव एवं आवश्यक मरम्मति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संवेदक से पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसान समृद्धि योजना के तहत सोलर पंपों के अधिष्ठापन में तेजी लाने के लिए संबंधित संवेदक को पत्र निर्गत करने का भी निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जिले के सभी आवासीय विद्यालयों में अधिष्ठापित सोलर रूफटॉप संयंत्रों की वर्तमान स्थिति की जांच कराने तथा उनका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पूर्व में प्राप्त सभी अधियाचनाओं को संकलित कर JREDA को प्रेषित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में जिले में खराब पड़े सोलर उपकरणों की शीघ्र मरम्मति के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने इस उद्देश्य से परियोजना प्रस्ताव तैयार करने के लिए कार्यपालक अभियंता, विद्युत को आवश्यक निर्देश दिया, ताकि सोलर उपकरणों की मरम्मति के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मैनपावर उपलब्ध हो सके और तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत शंभू नाथ चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


