राधानगर में मारपीट की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, देसी कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ दो गिरफ्तार।
आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद।

साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के राधानगर चौक के पास देर रात मारपीट और गाली-गलौज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 3,880 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले की जानकारी राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कांफ्रेंस में दी।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे राधानगर चौक पर मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से भाग रहे दो युवकों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव यादव 25 वर्ष, पिता राजकुमार यादव तथा पंकज भगत 25 वर्ष, पिता सुभाष प्रसाद भगत, दोनों निवासी बाकुडीह, थाना तीनपहाड़, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान गौरव यादव के पास से कमर में रखा एक देसी कट्टा, पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस, 3,880 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, पंकज भगत के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन मिला। दोनों के पास से ग्रे रंग की होंडा शाइन 125 सीसी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 354/2026, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 317 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी), 26/35 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
कार्रवाई में संग्राम सिंह सोय, उपेंद्र प्रसाद यादव, गजाधर कुमार पासवान, हवलदार राजकिशोर यादव, रिजर्व गार्ड गगन कुमार सिंह, चौकीदार संदीप्त मंडल सहित राधानगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




