झारखंड

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 साहिबगंज के 22 केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न।

दो पालियों में कुल 11,385 अभ्यर्थी थे पंजीकृत, 9,808 ने दी परीक्षा; विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी एवं तीन उड़नदस्ता दल रहे तैनात।

साहिबगंज। झारखंड अधिविध परिषद, रांची की ओर से रविवार, 01 नवंबर 2026 को आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 साहिबगंज जिले के सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारू संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी एवं तीन उड़नदस्ता दल के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले में प्रथम पाली के लिए कुल 8,512 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,202 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,310 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में पंजीकृत 2,873 अभ्यर्थियों में से 2,606 उपस्थित एवं 267 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 11,385 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 9,808 ने परीक्षा दी, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान सभी 22 केंद्रों पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी बनी रही। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया।

परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, सजगता और जिम्मेदारी के साथ किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!