झारखंड

जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं एवं लंबित मामलों की उपायुक्त ने की समीक्षा।

मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरण एवं चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश, प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में संचालित विकास योजनाओं, विभागीय कार्यों, लंबित प्रशासनिक मामलों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में मेडिकल कॉलेज, पावर ग्रिड, साइंस कॉलेज, एकलव्य विद्यालय, नगर परिषद कार्यालय, श्रमिक विद्यालय, श्रमिक चौक, बरहरवा बस स्टैंड, बरहेट प्रखंड में अनाज भंडारण गोदाम, गंगा नदी थाना भवन एवं तीनपहाड़ थाना भवन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भूमि हस्तांतरण एवं भूमि चिह्नित करने से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को लंबित भूमि संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाकर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी मामलों के कारण जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्रों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को प्रत्येक 15 दिनों में अपने कार्यालय के कर्मियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों, लंबित मामलों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा।

भू-अर्जन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं के लिए मुआवजा राशि प्राप्त हो चुकी है, उनसे संबंधित रैयतों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। इसके लिए अंचल अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सदर अस्पताल, साहिबगंज में खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कर निगरानी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही सिविल सर्जन को जिले की सभी एंबुलेंस का शीघ्र मरम्मतीकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर आपातकालीन स्वास्थ्य एवं परिवहन सुविधा मिल सके। इसके अलावा जिले के सभी निजी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन शीघ्र समर्पित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने कार्यों में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी, राजमहल सदानंद महतो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!